Ranchi News: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रांची के तहत विज्ञापन संख्या-01/2025 में शहरी तकनीकी दक्ष पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है. शारीरिक परीक्षा, लिखित परीक्षा और तकनीकी ट्रेड परीक्षा में सफल पुरुष और महिला अभ्यर्थियों को अब मूल प्रमाणपत्रों के भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा.
तय तिथि पर नहीं पहुंचे तो मिलेगा नहीं मौका
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के आदेश से गठित कमेटी के समक्ष अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी. ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा.
वहीं जांच के दौरान फर्जी या अवैध प्रमाणपत्र पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कहां और कब होगा सत्यापन
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक समादेष्टा, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, धुर्वा, रांची में आयोजित होगी.
ट्रेड के अनुसार वेरिफिकेशन शेड्यूल
23 जून (पुरुष अभ्यर्थी):
ITI पास पुरुष उम्मीदवारों के मूल प्रमाणपत्रों की जांच होगी.
24 जून (पुरुष अभ्यर्थी):
कंप्यूटर और अभियंता ट्रेड के पुरुष उम्मीदवारों का सत्यापन किया जाएगा.
25 जून (पुरुष अभ्यर्थी):
कुक, दर्जी, माली, नाई, पनभर, धोबी, बढ़ई, पेंटर, झाड़ूकश, अमीन, योग प्रशिक्षक, नर्स, चालक, बिजली मिस्त्री और प्लंबर समेत अन्य ट्रेड के अभ्यर्थियों की जांच होगी.
27 जून (महिला अभ्यर्थी):
सभी ट्रेड की महिला उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा.
प्रशासन ने सभी सफल अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर अपने मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपील की है.