Jharkhand Weather Update: झारखंड में गर्मी और उमस से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश होगी और तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा।
रांची में हुई अच्छी बारिश, सरायकेला रहा सबसे गर्म
रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में 35.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि एक जून से अब तक कुल 192.7 मिमी वर्षा हो चुकी है। वहीं, सरायकेला 39.0 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। डालटनगंज में 38.6 डिग्री, जमशेदपुर में 38.4 डिग्री और चाईबासा में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
25 जून तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जून को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 23 से 25 जून तक भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा की संभावना बनी रहेगी। वहीं 26 और 27 जून को भी कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। नामकुम में 23.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है और रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में लगातार बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट, सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भागों में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अन्य क्षेत्रों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से आगामी सप्ताह में झारखंड में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।