Pakur News : सदर प्रखंड के रामचंद्रपुर पहाड़िया टोला में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में ग्रामीणों ने एक कैफे संचालक को पकड़कर मुफ्फसिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर लोगों से हजारों रुपये की वसूली करने का आरोप है।
2 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूले, जांच में फर्जी मिले कई प्रमाण पत्र
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा देकर लोगों से 2 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूलता था। कई लोगों ने उससे दस्तावेज बनवाए थे, लेकिन बाद में प्रमाण पत्रों की सत्यता पर सवाल खड़े हो गए। बताया गया कि आधार केंद्र में दस्तावेजों की जांच के दौरान कई जन्म प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और मामले की जानकारी प्रशासन को दी।
अंचलाधिकारी ने पुलिस को सौंपा आरोपी
सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को हिरासत में लेकर मुफ्फसिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके। मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन लोगों से ठगी की गई है, उन्हें उनकी राशि वापस दिलाई जाए।