Crude Oil Price Today: अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड में हुई शांति वार्ता के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम होने और ईरान के निर्यात बढ़ने की उम्मीद के बीच क्रूड ऑयल की कीमतों में करीब 3 फीसदी तक कमी आई है. इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में साफ दिखाई दे रहा है.
ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई की कीमतों में उतार चढ़ाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव कारोबार के दौरान 0.94 डॉलर की गिरावट के साथ करीब 79.63 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. हालांकि दिन की शुरुआत में इसकी कीमत 82 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गई थी. वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 75.96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता नजर आया.
तेल आपूर्ति को लेकर चिंता हुई कम
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के बाद कच्चे तेल की सप्लाई में रुकावट की आशंका कम हुई है. इसके साथ ही ईरान के तेल निर्यात में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है. इसी वजह से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव देखने को मिला है.
भारत को राहत, लेकिन पेट्रोल डीजल तुरंत सस्ते होने के आसार कम
कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों के लिए राहत देने वाली है. हालांकि इसका सीधा असर पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर तुरंत देखने को नहीं मिल सकता. तेल कंपनियां पहले अपनी लागत और पुराने नुकसान की भरपाई पर ध्यान देंगी. आने वाले दिनों में पश्चिम एशिया के हालात और वैश्विक आपूर्ति की स्थिति पर बाजार की नजर बनी रहेगी.