Jharkhand Sports: 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. सोमवार को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया. इसमें राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 55 जूनियर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.
चयन ट्रायल में 1 जनवरी 2007 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ियों को मौका दिया गया. खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और खेल कौशल के आधार पर टीम के लिए संभावित खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए जुलाई महीने में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. इस शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद 18 सदस्यीय अंतिम टीम का चयन किया जाएगा.
चयन प्रक्रिया के दौरान हॉकी झारखंड के पदाधिकारी मनोज कोनबेगी, माइकल लाल और गुरमीत राव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखी.
बता दें कि 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन 28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में किया जाएगा. झारखंड की टीम इस प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी.