Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता कर चुनाव आयोग से प्राप्त कार्यक्रम की जानकारी साझा की. इस दौरान मतदाताओं के लिए जरूरी प्रक्रियाओं और दस्तावेजों से जुड़ी अहम बातें बताई गईं.
30 जून से शुरू होगा घर घर सत्यापन अभियान
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे. इस दौरान मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे भरकर नवीनतम फोटो के साथ जमा करना होगा. प्रवासी श्रमिकों और राज्य से बाहर पढ़ाई कर रहे छात्रों के परिवार के सदस्य भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से हस्ताक्षरित प्रपत्र भेज सकेंगे. 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
किन मतदाताओं को देने होंगे दस्तावेज
जानकारी के अनुसार जिन लोगों का नाम पहले की विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में दर्ज है, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी. वहीं जिन मतदाताओं और उनके माता पिता का नाम पूर्व सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व अभिप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी. इसमें जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज शामिल हैं. नए पात्र मतदाताओं को प्रपत्र 6 और घोषणा पत्र भी देना होगा.
समस्या होने पर इन माध्यमों से मिलेगी सहायता
मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी या नाम खोजने में दिक्कत आने पर मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 के जरिए सहायता प्राप्त की जा सकेगी. इसके अलावा ईसीआईनेट वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से भी जरूरी जानकारी हासिल की जा सकती है. 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष बैठक आयोजित की जाएगी. साथ ही स्कूलों और विभिन्न संगठनों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके.