Pakur News : पाकुड़ शहर के हाटपाड़ा सब्जी बाजार में ठगी की एक अनोखी घटना सामने आई है। एक युवती ने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर सब्जी दुकानदार से मोबाइल के जरिए ₹3,500 ट्रांसफर कराने की बात कही। उसने भरोसा दिलाया कि वह तुरंत नकद राशि लौटा देगी, लेकिन पैसे मिलते ही वहां से भागने लगी। दुकानदार की सतर्कता से उसकी यह कोशिश नाकाम हो गई।
मोबाइल से पैसे ट्रांसफर कराए, नकद देने से पहले भागने लगी
जानकारी के अनुसार, सब्जी विक्रेता वरुण शाह के पास पहुंची युवती ने बताया कि उसकी मां की तबीयत खराब है और तत्काल पैसों की जरूरत है। उसने एक मोबाइल नंबर पर ₹3,500 ऑनलाइन ट्रांसफर करने का अनुरोध किया और बदले में नकद राशि देने का आश्वासन दिया। मानवता के नाते दुकानदार ने बताए गए नंबर पर पैसे भेज दिए। इसके बाद युवती बिना नकद राशि दिए वहां से निकलने लगी।
आधा किलोमीटर पीछा कर पकड़ा, पुलिस को सौंपा
मामले का एहसास होते ही दुकानदार ने युवती का पीछा किया और करीब आधा किलोमीटर दूर राज हाई स्कूल के पास उसे पकड़ लिया। बाद में उसे वापस दुकान लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस पूछताछ के दौरान युवती अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। स्थानीय लोगों को आशंका है कि इस घटना के पीछे कोई संगठित ठगी गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती से पूछताछ जारी है।