Ranchi: रांची के सुखदेवनगर थाना पुलिस ने मुरला पहाड़ क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18.66 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, 4 हजार रुपये नकद, एक ऑटो और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरला पहाड़ इलाके में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर एएसपी कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही दो युवक भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू शांति नगर निवासी जितेंद्र कुमार सिंह और चुना भट्ठा रोड निवासी राहुल कुमार यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान जितेंद्र कुमार सिंह के पास से 12.97 ग्राम तथा राहुल कुमार यादव के पास से 5.69 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पूछताछ में किया कारोबार का खुलासा
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इसके बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करते थे। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।