Bihar News: समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गिट्टी व्यवसायी सोनू सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रेक प्वाइंट के पास हुई, जहां सोनू सिंह कुछ लोगों के साथ ताश खेल रहे थे। इसी दौरान पहुंचे बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग की और फिर सोनू सिंह के सिर में गोली मार दी। परिजनों के अनुसार हमलावरों ने कुल पांच राउंड फायरिंग की।
फायरिंग से मची भगदड़, इलाज के दौरान रास्ते में मौत
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल सोनू सिंह को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पत्नी का आरोप- एक घंटे तक तड़पते रहे, नहीं पहुंची मदद
मृतक की पत्नी ने पुलिस और स्थानीय लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गोली लगने के बाद सोनू सिंह करीब एक घंटे तक जमीन पर तड़पते रहे, लेकिन समय पर न तो पुलिस पहुंची और न ही किसी ने उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि यदि समय पर इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
पुलिस ने दर्ज किया बयान, जांच में जुटी
सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। घायल सोनू सिंह का फर्द बयान भी दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई, लेकिन गांव में अब भी गम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।