CUET Result Out: देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने CUET UG 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं. इससे एक दिन पहले फाइनल आंसर की जारी की गई थी. अब उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं. रिजल्ट जारी होने के साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है.
47 से अधिक विश्वविद्यालयों में मिलेगा दाखिला
CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर देश के 47 से ज्यादा केंद्रीय, राज्य, निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा. नतीजे घोषित होने के बाद अब संबंधित विश्वविद्यालय अपनी काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर सकते हैं. ऐसे में अभ्यर्थियों को आगे की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है.
इस तरह आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं स्कोरकार्ड
उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर CUET UG 2026 रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद आवेदन संख्या और पासवर्ड या जन्मतिथि की मदद से लॉगिन करना होगा. कैप्चा भरने और विवरण सबमिट करने के बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा. इसमें अभ्यर्थी का नाम, आवेदन संख्या, विषयवार अंक, पर्सेंटाइल स्कोर, नॉर्मलाइज्ड मार्क्स और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज होंगी. अगर किसी तरह की गलती दिखाई देती है तो संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है.
321 शहरों में हुई थी परीक्षा, जानिए मार्किंग सिस्टम
इस वर्ष CUET UG परीक्षा का आयोजन भारत और विदेश के कुल 321 शहरों में किया गया था. परीक्षा में 13 भाषाओं, 23 डोमेन आधारित विषयों और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट सहित कुल 37 विषय शामिल किए गए थे. परीक्षा 11 मई से शुरू हुई थी, जबकि बकरीद के कारण स्थगित हुई कुछ परीक्षाएं 6 और 7 जून को आयोजित की गई थीं. यह कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा थी, जिसमें हर सही जवाब के लिए 5 अंक दिए गए और गलत उत्तर पर 1 अंक काटा गया. बिना उत्तर वाले प्रश्नों के लिए कोई अंक निर्धारित नहीं था. अगर किसी प्रश्न में त्रुटि पाई गई और उसे हटाया गया, तो निर्धारित नियमों के अनुसार योग्य उम्मीदवारों को उसका लाभ दिया गया.