Adityapur: मानसून की शुरुआती बारिश ने ही आदित्यपुर नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। वार्ड संख्या 15 के निर्मल नगर इलाके में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़कें और घर पानी से भर जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से नाली निर्माण का कार्य लंबित पड़ा है, जिसके कारण हर बरसात में उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, थोड़ी सी बारिश होते ही नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर घरों में घुस जाता है। कई घरों के किचन, कमरे और आंगन तक पानी भर जा रहा है, जिससे घरेलू सामान को नुकसान पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि पानी भरने से फ्रिज, बेड, सोफा समेत अन्य जरूरी सामान खराब हो रहे हैं।
बदबू और बीमारी का बढ़ा खतरा
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि गंदे पानी के जमाव से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। इसके साथ ही मच्छरों की संख्या भी तेजी से बढ़ गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्डवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका आरोप है कि नाली निर्माण की योजना वर्षों से सिर्फ कागजों तक सीमित है और जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो सका है।
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य शुरू कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही बरसात के दौरान अस्थायी रूप से पानी निकासी की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में एक जैसी परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है।