Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मौसम दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है. राज्य के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय होने से अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि पलामू प्रमंडल के कुछ जिलों में अब भी भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून पूरे झारखंड को अपने दायरे में ले सकता है.
आगामी दो से तीन दिनों में पुरे राज्य में फैल जाएगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने राज्य के और इलाकों में आगे बढ़ते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है. फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा डाल्टनगंज से होकर गुजर रही है. विभाग का अनुमान है कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर मानसून पूरे राज्य में फैल जाएगा, जिससे बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी.
पिछले 24 घंटों के दौरान गुमला जिले के रायडीह में सबसे अधिक 71.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं कुरडेग में 51.6 मिमी, जामताड़ा में 44.8 मिमी, गारू में 44.2 मिमी, दुमका में 37.2 मिमी, अड़की में 34 मिमी और खूंटी में 33 मिमी बारिश दर्ज की गई. लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
कई जिलों में अब भी लू का कहर जारी
हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा.
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को और राहत मिलेगी.
जमशेदपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना
रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर समेत राज्य के मध्य और दक्षिणी भागों में 27 जून तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं 28 से 30 जून के बीच वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं तथा कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज होने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने 24 और 25 जून के लिए गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा 24 से 29 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है.
विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचें, वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और लू प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पानी पीने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाएं. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद राज्य में तापमान में कमी और वर्षा में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.