Ranchi News: झारखंड टी20 क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले के दौरान जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मची भगदड़ में घायल हुए लोगों में सिल्ली के डीएसपी के पुत्र भी शामिल हैं. हादसे में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए आईसीयू में रखा गया है.
फाइनल मैच के दौरान हुई थी अफरातफरी
मंगलवार को आयोजित फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे थे. दर्शकों की भारी भीड़ के कारण प्रवेश द्वार पर दबाव लगातार बढ़ता गया और स्थिति अचानक बेकाबू हो गई. इसी दौरान धक्का-मुक्की और अफरातफरी के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए.
गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भगदड़ के दौरान डीएसपी के पुत्र भी भीड़ की चपेट में आ गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनके शरीर पर बाहरी चोटों के साथ कुछ अंदरूनी चोटें भी आई हैं. फिलहाल चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
अस्पताल पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी पारस अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया. अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायल मरीजों की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की.
करीब 10 लोग हुए घायल
स्टेडियम में हुई इस अव्यवस्था में करीब 10 लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और भगदड़ के कारणों की पड़ताल की जा रही है.