Giridih News: गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र में 28 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अशोक मंडल की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों ने हत्या की पुष्टि होने का दावा किया है। मृतक के पुत्र राहुल मंडल ने बताया कि घटना के बाद थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और शव का पोस्टमार्टम कराया गया था।
सिर पर कुंद वस्तु से वार, गंभीर हेड इंजरी से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के सिर में गंभीर चोट के कारण मौत हुई है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि सिर पर किसी कठोर और कुंद वस्तु से प्रहार किया गया, जिससे गंभीर आंतरिक चोट और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जो मौत का कारण बना। चिकित्सकों ने इसे हेड इंजरी बताते हुए विसरा जांच के लिए एफएसएल रांची भेजने की अनुशंसा की है।
26 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, परिजनों में आक्रोश
परिजनों का आरोप है कि घटना को 26 दिन बीत जाने के बावजूद सरिया पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। राहुल मंडल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बावजूद कार्रवाई में देरी से परिजन गुस्से और निराशा में हैं।
परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।