Bihar News : चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पहली बार भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज देर रात बिलौटी गांव स्थित भरत तिवारी के घर पहुंचे। करीब एक घंटे तक उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की, उनकी बातें सुनीं और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
परिवार ने उठाई सीबीआई जांच और न्याय की मांग
मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की मां आशा देवी ने एसपी के सामने मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी। उन्होंने कहा कि परिवार को केवल न्याय चाहिए और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।
एसपी ने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने कहा कि उन्हें पुलिस से ही डर लगता है। इस पर एसपी ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी उनकी निगरानी में सुनिश्चित की जाएगी।
हथियार फेंकने के बाद गोली क्यों मारी गई?
भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने बताया कि परिवार ने सबसे अहम सवाल उठाया कि यदि भरत ने हथियार फेंक दिया था, तो उसके बाद उसे गोली क्यों मारी गई। एसपी ने कहा कि इस बिंदु सहित मामले के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
परिजनों ने कहा कि फिलहाल वे किसी आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्हें केवल निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद है। अब इस मामले में न्यायिक जांच और उसकी रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।