Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-25

Jharkhand News: नशा मुक्त झारखंड अभियान के समापन पर बोले स्वास्थ्य मंत्री:- युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

Jharkhand News: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान का समापन गुरुवार को शौर्य भवन में आयोजित समारोह के साथ हुआ. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट कहा कि झारखंड के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

नशा मुक्त झारखंड को जनआंदोलन बनाने पर जोर
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि नशा मुक्त झारखंड अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा. उन्होंने रांची पुलिस को निर्देश दिया कि फ्लाईओवरों के नीचे बच्चों और किशोरों द्वारा कफ सिरप तथा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही अभिभावकों की काउंसलिंग पर भी विशेष ध्यान देने को कहा.

हर जिले में मनोचिकित्सक नियुक्त करने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान को स्थायी सामाजिक पहल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति उपचार के लिए सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी) और रिनपास में विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं. राज्य के सभी जिलों में मनोचिकित्सकों की नियुक्ति की दिशा में भी काम किया जा रहा है.

नशा तस्करों की सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम
गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने बताया कि वर्ष 2024 से चल रहे अभियान के तहत इस वर्ष करीब 700 फील्ड फंक्शनरीज को प्रशिक्षण दिया गया है. उन्होंने कहा कि नशा तस्करी की सूचना देने वाले व्यक्ति को न्यूनतम तीन हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. गंभीर मामलों में इनाम की राशि और अधिक हो सकती है. सूचना देने के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 112 का उपयोग कर सकते हैं.

शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों पर प्रतिबंध
उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार ने कहा कि नए विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके अलावा विद्यालयों में नशा विरोधी मॉड्यूल आधारित पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी भी की जा रही है.

उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में नशा मुक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवी संगठनों और सरकारी संस्थानों को सम्मानित किया गया. गिरिडीह, रांची और पलामू के जिला जनसंपर्क अधिकारियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !