International Yoga Day Sankosai: 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले भर में उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया गया। जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं में योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में सांकोसाई पांच नंबर स्थित जयप्रकाश नारायण स्कूल के प्रांगण में भी एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ-साथ समस्त शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और योगाभ्यास में पूरे उत्साह से भाग लिया।
इस योग शिविर का नेतृत्व योगाचार्य अर्जुन शर्मा ने किया, जिन्होंने बच्चों को योग के विभिन्न आसनों, उनके लाभ और जीवन में योग की आवश्यकता के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, वज्रासन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन आदि कराए और इनके नियमित अभ्यास से शरीर, मन और मस्तिष्क पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक प्रार्थना से हुई, जिसके बाद योग सत्र का आरंभ हुआ। योगाचार्य ने बच्चों को बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में बच्चों को छोटी उम्र से ही योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।