New Passport Fees India: अगर आप विदेश यात्रा, पढ़ाई या नौकरी के लिए पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. सरकार ने पासपोर्ट सेवाओं की फीस बढ़ा दी है, जो 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होगी. नए नियमों के बाद लगभग हर श्रेणी के पासपोर्ट के लिए पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा.
36 और 60 पेज वाले पासपोर्ट की नई फीस
नए नियमों के तहत 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट बनवाने के लिए अब 2500 रुपये देने होंगे, जबकि तत्काल सेवा के लिए 5000 रुपये फीस तय की गई है. वहीं 60 पेज वाले जंबो पासपोर्ट की सामान्य फीस 3500 रुपये और तत्काल सेवा की फीस 6000 रुपये होगी. ऐसे में ज्यादा विदेश यात्रा करने वालों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा.
बच्चों को राहत लेकिन बाकी सेवाएं भी हुईं महंगी
18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट अब 1750 रुपये में बनेगा, जबकि तत्काल सेवा के लिए 4250 रुपये देने होंगे. सरकार ने 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को नए आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है. इसके अलावा पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट और सरेंडर सर्टिफिकेट के लिए अब 750 रुपये शुल्क लिया जाएगा.
पासपोर्ट खोने या खराब होने पर कितना देना होगा
अगर 36 पेज का पासपोर्ट खो जाता है या खराब हो जाता है, तो नया पासपोर्ट बनवाने के लिए सामान्य प्रक्रिया में 5000 रुपये और तत्काल सेवा में 7500 रुपये चुकाने होंगे. वहीं 60 पेज वाले जंबो पासपोर्ट के डुप्लीकेट के लिए सामान्य शुल्क 6000 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 8500 रुपये तय किया गया है. सरकार की ओर से बढ़ाई गई सभी नई फीस 1 जुलाई 2026 से लागू होगी.