Jharkhand News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) कंपार्टमेंटल, इम्प्रूवमेंट और स्पेशल परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों के साथ-साथ अपने अंक सुधारना चाहने वाले छात्र-छात्राएं संबंधित विद्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
7 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क कर सकेंगे आवेदन
काउंसिल के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो चुकी है. अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे. वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. परीक्षा की तिथि बाद में अलग से घोषित की जाएगी.
केवल स्कूल लॉगिन से होंगे आवेदन
आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और इसे केवल संबंधित विद्यालय के लॉगिन के माध्यम से पूरा किया जाएगा. विद्यालय JAC पोर्टल पर विद्यार्थियों का विवरण दर्ज करेंगे, परीक्षा विषयों का चयन करेंगे, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करेंगे और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी करेंगे. परिषद ने विद्यार्थियों को आवेदन की प्रिंट कॉपी सुरक्षित रखने की सलाह भी दी है.
एक शैक्षणिक वर्ष बचाने का मिलेगा अवसर
कंपार्टमेंटल और इम्प्रूवमेंट परीक्षा का उद्देश्य एक या अधिक विषयों में असफल विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है. वहीं, बेहतर अंक हासिल करने के इच्छुक छात्र भी इस परीक्षा के माध्यम से अपना प्रदर्शन सुधार सकेंगे. परिषद का मानना है कि इससे विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सकेगा.