Ranchi News: मुहर्रम के अवसर पर शनिवार को राजधानी रांची में निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. जुलूस के दौरान दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक जुलूस मार्ग और उससे जुड़े कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी.
जुलूस मार्ग पर रहेगी कड़ी सुरक्षा, लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रशासन के अनुसार मुहर्रम का जुलूस निर्धारित मार्ग से निकलेगा. इसे देखते हुए पूरे रूट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. जुलूस के दौरान संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर अन्य क्षेत्रों में भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है.
सफर से पहले ट्रैफिक अपडेट देखने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट की जानकारी अवश्य लें और पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके.
संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, अफवाहों से बचने की अपील
मुहर्रम को लेकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन ने फ्लैग मार्च भी निकाला. अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की. साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया गया है.