Palamu News: पलामू जिले के पंडवा प्रखंड के सिक्का गांव में अज्ञात बीमारी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. शुक्रवार शाम इलाज के दौरान इंदु कुमारी की मौत हो गई, जिसके बाद एक ही परिवार में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. बीमारी की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है, जबकि दो अन्य सदस्य गंभीर हालत में हैं और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है.
जांच जारी, रिपोर्ट से खुलेगा बीमारी का राज
तीसरी मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है. अधिकारियों का कहना है कि बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकीय जांच जारी है. पहले जिन दो लोगों की मौत हुई थी, उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है. विभाग का मानना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
दो सदस्य अब भी गंभीर, इलाज को लेकर सामने आया दावा
परिवार के दो अन्य सदस्य अभी भी गंभीर हालत में हैं. ग्रामीणों ने दावा किया है कि उन्हें रांची स्थित रिम्स में इलाज जारी रखने के बजाय रमकंडा, लेस्लीगंज और आसपास के इलाकों में झाड़-फूंक के लिए ले जाया जाता रहा. ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आधुनिक चिकित्सा से इलाज कराने की सलाह दी थी. समाचार लिखे जाने तक इस दावे पर संबंधित पक्ष की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
18 जून से शुरू हुआ था पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक 18 जून को सिक्का कला गांव में एक ही परिवार के छह सदस्य अचानक बीमार पड़ गए थे. सभी को पहले एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान परिवार के मुखिया कुलदीप महतो और उनकी पुत्री बबीता की मौत हो गई. इसके बाद अन्य मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया. शुक्रवार शाम इंदु कुमारी की भी मौत हो गई. करीब 1500 की आबादी वाले गांव में लगातार हो रही मौतों से लोगों में दहशत है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है.