Jharkhand News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. आयोग ने परीक्षा के प्रश्नपत्र-2 में नागपुरी, खोरठा और संथाली विषयों की संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित कर दी है.
12 अप्रैल को आठ जिलों में हुई थी परीक्षा
उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को राज्य के रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर और दुमका सहित आठ जिलों में किया गया था. परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोग ने सभी प्रश्नपत्रों की औपबंधिक (प्रोविजनल) उत्तर कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं.
विशेषज्ञ समिति की समीक्षा के बाद किया गया संशोधन
प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञ समिति ने समीक्षा की, जिसके आधार पर 1 जून 2026 को अंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई थी. हालांकि, बाद में प्रश्नपत्र-2 के नागपुरी, खोरठा और संथाली विषयों को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने प्रमाणों के साथ दोबारा आपत्तियां दर्ज कराईं.
इन आपत्तियों की दोबारा जांच विषय विशेषज्ञ समिति ने की. समिति की अनुशंसा के बाद आयोग ने इन तीनों विषयों की अंतिम उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन करते हुए संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी अलग से प्रकाशित कर दी है.
वेबसाइट पर उपलब्ध है संशोधित उत्तर कुंजी
आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे संशोधित उत्तर कुंजी देखने के लिए JSSC की आधिकारिक वेबसाइट
https://jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर संबंधित लिंक से पीडीएफ डाउनलोड करें. आयोग के अनुसार, अब आगे की मूल्यांकन प्रक्रिया इसी संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर की जाएगी.