Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. इसी कड़ी में शनिवार को साकची स्थित रविन्द्र भवन में वोटर अवेयरनेस फोरम और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करना है.
मतदाता सूची अपडेट करने पर रहा मुख्य फोकस
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की पूरी प्रक्रिया, उद्देश्य और तय समयसीमा की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना, जबकि मृत, अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड का सत्यापन कर सूची को अधिक सटीक बनाया जाएगा.
साथ ही नोडल पदाधिकारियों को यह भी समझाया गया कि पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रपत्र समय पर भरने और जमा करने के लिए जागरूक करना अभियान की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी.
स्कूल, कॉलेज और औद्योगिक संस्थानों में चलाया जाएगा अभियान
प्रशिक्षण में सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता बैठकें आयोजित करें. इन बैठकों के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन कराने और निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा.
अधिकारियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.
जागरूकता गतिविधियों को मिलेगा विस्तार
प्रशिक्षकों ने बताया कि वोटर अवेयरनेस फोरम और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इनके माध्यम से विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाई जाएगी.
कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न गतिविधियों और संवाद कार्यक्रमों को संस्थागत स्तर पर संचालित करने पर भी विशेष बल दिया गया. इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह सहित वोटर अवेयरनेस फोरम और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल पदाधिकारी मौजूद रहे.