Palamu News: पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के दंगवार मुख्य बाजार में शनिवार देर शाम ज्वेलर्स से लाखों रुपये के आभूषण लूटने की कोशिश स्थानीय लोगों की सतर्कता से विफल हो गई। मां शांति ज्वेलर्स के संचालक श्रवण सोनी अपने पुत्र अंश कुमार सोनी के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके पास करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने अंश कुमार के हाथ से बैग झपट लिया और फरार होने लगे।
शोर मचाते ही दौड़े लोग, पीछा कर एक आरोपी को दबोचा
बैग छिनते ही अंश कुमार सोनी ने बदमाशों का पीछा करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद बबलू सहित कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। लोगों ने काफी दूरी तक पीछा करने के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की बहादुरी से आभूषणों से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया और बड़ी लूट की वारदात टल गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, फरार साथी की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही दंगवार ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर हुसैनाबाद थाना भेज दिया। मामले की जांच कर रहे एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
व्यापारियों में दहशत, लोगों की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
घटना के बाद कुछ समय के लिए दंगवार बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते करीब छह लाख रुपये मूल्य के जेवर सुरक्षित बचा लिए गए। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।