Jamshedpur News: वेदांता द्वारा केबल कंपनी का अधिग्रहण किए जाने के बाद रविवार को जमशेदपुर के केबल गेट परिसर में केबल मजदूर संघ की बैठक हुई. बैठक में कर्मचारियों ने कंपनी के पुनः संचालन, भविष्य की कार्ययोजना और वेदांता प्रबंधन के साथ समन्वय को लेकर चर्चा की. इस दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर कंपनी के पुनर्निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया.
वेदांता प्रबंधन से जल्द होगी बातचीत
बैठक को संबोधित करते हुए केबल मजदूर संघ के संस्थापक सागर तिवारी ने कहा कि करीब 26 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कंपनी के दोबारा शुरू होने की संभावना कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है. उन्होंने वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संघ जल्द ही कंपनी के अधिकारियों से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगों, सुझावों और समस्याओं से अवगत कराएगा. उन्होंने यह भी कहा कि संगठन वेदांता के साथ सहयोगात्मक भूमिका निभाते हुए केबल की पुरानी पहचान वापस दिलाने और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में काम करेगा.
एकजुट होकर कंपनी के विकास में निभाएंगे भूमिका
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी कर्मचारी केबल मजदूर संघ के बैनर तले अपनी बात वेदांता प्रबंधन के सामने रखेंगे. संघ का कहना है कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कंपनी के पुनर्निर्माण और विकास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. बैठक के दौरान हाल ही में दिवंगत कर्मचारी स्वर्गीय सुबोध कुमार को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई.
कर्मचारियों के हित और सहयोग पर रहेगा जोर
बैठक का संचालन रविंद्र मिश्रा ने किया. उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब किसी भी तरह की राजनीति से दूर रहकर अपने अधिकार, सम्मान और कंपनी की प्रगति के लिए एकजुट होकर काम करेंगे. वहीं संघ के वरिष्ठ सदस्य प्रदीप झा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर संवाद कायम करना है, ताकि सभी मुद्दों का समाधान आपसी सहमति से हो सके. बैठक के अंत में कर्मचारियों ने वेदांता प्रबंधन के साथ सकारात्मक सहयोग बनाए रखने और कंपनी के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.