Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-28

Karachi News: कराची में रेंजर्स मुख्यालय पर आत्मघाती हमला, 4 जवान शहीद, 6 आतंकी ढेर

Karachi News: पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में रविवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। कराची स्थित अर्धसैनिक बल बॉर्डर रेंजर्स के मुख्यालय को आत्मघाती हमले का निशाना बनाया गया। विस्फोटकों से लदा एक वाहन तेज रफ्तार से मुख्यालय परिसर में घुसा और भवन से टकराते ही जोरदार धमाका हो गया। इस हमले में चार सैनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य जवान घायल हो गए।

मुठभेड़ में 6 आतंकी ढेर, हमले की साजिश की जांच तेज 
विस्फोट के तुरंत बाद आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए छह आतंकवादियों को मार गिराया। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। मुख्यालय के आसपास कई विश्वविद्यालय और मौसम विभाग का कार्यालय होने के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हमले की साजिश, हमलावरों के नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हैं। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

जमात-उल-अहरार ने ली हमले की जिम्मेदारी, टीटीपी से जुड़ा है संगठन
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े जमात-उल-अहरार ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया है कि उसके आत्मघाती दस्ते “खुलाफा-ए-राशिदीन इस्तिशहादी ब्रिगेड” ने इस हमले को अंजाम दिया। यह संगठन पहले भी पाकिस्तान में सुरक्षा प्रतिष्ठानों और सरकारी संस्थानों पर कई बड़े हमले कर चुका है।

सीएम ने मांगी रिपोर्ट, सुरक्षा एजेंसियों को जांच के निर्देश
हमले के बाद सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को घटनास्थल की गहन जांच करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के निर्देश दिए हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !