Hazaribagh News: हजारीबाग के पेलावल ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री करने वाले एक रैकेट का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप, नशीली गोलियां, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. मामले का खुलासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ज्ञान रंजन और पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक ने संयुक्त प्रेस वार्ता में किया.
भागने की कोशिश की, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2:15 बजे सूचना मिली थी कि शाहिनबाग आंगनबाड़ी के पास प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली गोलियों की अवैध खरीद-बिक्री हो रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक स्कूटी से भागने लगा. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय इश्तियाक, पिता मो. असलम, निवासी बगी टोला, पेलावल ओपी क्षेत्र, हजारीबाग के रूप में हुई है.
40 बोतल कफ सिरप और 80 गोलियां जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 100 एमएल की ऑनरेक्स कफ सिरप की 40 बोतलें, प्रतिबंधित नशीली टैबलेट्स के 8 पत्ते (कुल 80 गोलियां), एक जुपिटर स्कूटी (JH02BA-5055) और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया.
एनडीपीएस और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत केस
मामले में पेलावल ओपी कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 18(c)/27(b)(ii) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/22(b) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
आपूर्ति नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ और ओपी प्रभारी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की. छापेमारी दल में स.अ.नि. रविन्द्र कुमार, आरक्षी रमजान अंसारी, चालक हवलदार मो. सलीम अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नशीली दवाओं की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है.