Koderma News: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर प्रतिबंधित सामानों की जांच के दौरान आरपीएफ (RPF) को बड़ी सफलता मिली है. रविवार सुबह प्लेटफॉर्म संख्या-4/5 पर चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के निर्देशन में एएसआई ओम प्रकाश सिंह, आरक्षी जितेन्द्र कुमार-1 और महिला आरक्षी नीतू कुमारी की टीम ने की.
एफओबी के पास संदिग्ध हालत में मिला युवक
सुबह करीब 11:30 बजे जांच के दौरान प्लेटफॉर्म स्थित फुट ओवर ब्रिज (FOB) के पास लाल-काले रंग का पिट्ठू बैग लिए एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान 28 वर्षीय सन्नी कुमार, पिता विनोद प्रसाद, निवासी दयाली विगहा, थाना परस विगहा, जिला जहानाबाद (बिहार) के रूप में बताई.
बैग से मिली छह बोतल अंग्रेजी शराब
तलाशी लेने पर बैग से रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की (750 एमएल) की पांच बोतलें और 8PM प्रीमियम ब्लैक व्हिस्की (180 एमएल) की एक बोतल बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा 3.93 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,300 रुपये बताई गई है.
बिहार में बेचने की थी योजना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बेरोजगार है और अधिक मुनाफे के लिए शराब बिहार ले जाकर बेचता है. वह शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त की और आरोपी को गिरफ्तार कर पोस्ट लाया. बाद में अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी और जब्त शराब को उत्पाद विभाग, कोडरमा के हवाले कर दिया गया.