Seraikela: समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहल करते हुए संयोग सेवा फाउंडेशन के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन रविवार को रांगाखेलना, आसनबनी स्थित काली मंदिर के पीछे आयोजित कार्यक्रम में किया गया। उद्घाटन के साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, फड़लोगोरा की प्रधानाध्यापिका मीनू देवी रहीं। वहीं समाजसेवी तरुण महतो और गोपेश महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर फाउंडेशन कार्यालय का उद्घाटन किया और संस्था की सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
फाउंडेशन ने बताई अपनी भावी योजनाएं
फाउंडेशन के निदेशक सजल महतो और आकाश महतो ने संस्था के उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास, खाद्य वितरण, आपदा राहत और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने युवाओं से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। फाउंडेशन की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वयंसेवकों ने निभाई अहम भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में फाउंडेशन के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर सुनील महतो, अजय तंतुबाय, दीपक महतो, चंदन कुमार, संतोष महतो, नरेश महतो, बिश्वजीत महतो, गुणाधर महतो, कुश महतो, शिबू महतो, राहुल शर्मा, लल्टू महतो सहित कई अन्य सहयोगी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, एमजीएम अस्पताल की टीम, मीडिया प्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया। फाउंडेशन की ओर से भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर संचालित करने का संकल्प दोहराया गया।