Jamshedpur News: जमशेदपुर के सिधगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर जोन नंबर-10 स्थित आजाद पथ, बारीडीह बस्ती में टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार शाम करीब 5:30 बजे दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। दो अज्ञात बदमाश एक महिला के गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
10 मिनट तक रेकी, फिर किराना खरीदने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपराधी लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली आर-15 बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात से पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक इलाके की रेकी की। इसके बाद वे किराना सामान खरीदने के बहाने गायत्री चंद्रा की दुकान पर पहुंचे। जैसे ही महिला सामान देने में व्यस्त हुई, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
वारदात के बाद बदमाश फरार
घटना के तुरंत बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से बारीडीह गोलचक्कर की ओर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही सिधगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।