Hazaribagh News : शहर के मिशन अस्पताल के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचलते हुए बिजली के पोल और चापाकल से जा टकराई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि कार चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बिजली के पोल और चापाकल से टकराकर रुकी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल और चापाकल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
नशे में ड्राइविंग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस घायलों की पहचान करने और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।