Adityapur: आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-2 स्थित वार्ड नंबर 28 की इंदिरा कॉलोनी में मां शीतला माता मंदिर में एक युवक द्वारा चोरी का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया और तत्काल आरआईटी थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पहले माता के आभूषण चोरी किए गए थे, और उसके बाद मंदिर की दान पेटी से भी राशि चुराई गई थी। इन घटनाओं की जानकारी पूर्व में भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय श्रद्धालुओं में रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की जाए और इस बार पकड़े गए आरोपी युवक पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मंदिर समिति ने भी एक स्वर में कहा है कि आरोपी को सजा दिलवाना जरूरी है, जिससे धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनी रहे और अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो। वहीं, आरआईटी थाना पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हालांकि, इस संदर्भ में स्थानीय थाना से बात की गई तो उन्होंने जानकारी दी कि युवक मानसिक तौर पर बीमार है वहीं उनके शरीर में कई जगह पर चोटे भी लगी हुई है।