Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी रविवार रात दिल्ली के लिए रवाना हो गए है। वे 29 जून से 1 जुलाई तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस तीन दिवसीय महामंथन में देशभर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल हेल्थ सिस्टम को बढ़ावा देने और चिकित्सा सेवाओं के आधुनिकीकरण पर गंभीर चर्चा होगी।
मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी सहित केंद्र के सामने रखी जाएंगी ये प्रमुख मांगें
इस सम्मेलन में डॉ. इरफान अंसारी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को बदलने के लिए एक मजबूत ब्लूप्रिंट पेश करेंगे। राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, लंबित स्वास्थ्य परियोजनाओं को मंजूरी और राज्य में एक नए आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके अलावा, कैंसर पीड़ितों के लिए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
सरकारी अस्पतालों का होगा कायाकल्प, मॉड्यूलर ओटी और डिजिटल तकनीक पर रहेगा जोर
झारखंड के सरकारी अस्पतालों को आधुनिक बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री केंद्र सरकार से हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (Modular OT) के लिए विशेष वित्तीय सहायता मांगेंगे। साथ ही, राज्य में डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म और हेल्थ ऐप के प्रभावी संचालन के लिए तकनीकी सहयोग की मांग की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का लक्ष्य झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को देश की अग्रणी और सबसे भरोसेमंद प्रणालियों में शामिल करना है।