Jharkhand National Highways: झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 3,245 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्माण, रखरखाव और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया. बैठक में अधूरी परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और यात्रियों के लिए सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया.
शिकायतों और फीडबैक के आधार पर हुई समीक्षा
आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और विभिन्न निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और रखरखाव व्यवस्था का आकलन किया गया. अधिकारियों ने मीडिया और सामाजिक माध्यमों से प्राप्त शिकायतों तथा आम लोगों से मिले फीडबैक को भी समीक्षा प्रक्रिया में शामिल किया.
बारिश के मौसम को लेकर पहले से तैयारी के निर्देश
बैठक में मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर आने वाली चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलभराव, सड़क टूटने, गड्ढों और अन्य संभावित समस्याओं से निपटने के लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए. उन्होंने नियमित निरीक्षण, त्वरित मरम्मत और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया, ताकि यात्रियों को बारिश के मौसम में परेशानी का सामना न करना पड़े.
गुणवत्ता, समयसीमा और आधुनिक तकनीक पर रहेगा फोकस
नितिन गडकरी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क राज्य की अर्थव्यवस्था, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई गति देता है. उन्होंने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी हो और निर्माण कार्यों में आधुनिक तकनीक के साथ तय गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन किया जाए. साथ ही पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. बैठक के अंत में झारखंड की लंबित सड़क परियोजनाओं को तेज गति से पूरा कर लोगों को सुरक्षित, टिकाऊ और आधुनिक राजमार्ग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.