Ranchi News : झारखंड पुलिस की विशेष जांच एजेंसी (CID) ने लंबित और चर्चित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में एसटी-एससी अत्याचार, जमीन माफिया, अवैध कोयला कारोबार, गुमशुदगी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 49 से अधिक मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
10 से अधिक मामलों का निष्पादन, शेष जांच जल्द पूरी करने के निर्देश
बैठक के दौरान 10 से अधिक लंबित मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 39 मामलों की जांच में तेजी लाने के निर्देश संबंधित जांच अधिकारियों को दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सभी मामलों की जांच निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके।
एक-दो महीने में बाकी मामलों के निपटारे का लक्ष्य
सूत्रों के अनुसार, CID ने अगले एक से दो महीनों के भीतर शेष लंबित मामलों की जांच पूरी कर उनका निष्पादन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जांच अधिकारियों को नियमित निगरानी में काम करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया गया कि लंबित मामलों में कई संवेदनशील और चर्चित प्रकरण शामिल हैं, जिनकी जांच लंबे समय से चल रही है। अब CID मुख्यालय इन सभी मामलों की प्रगति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित हो सके।