Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय सभागार में रविवार को उप विकास आयुक्त (DDC) रीना हांसदा की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), दाल-भात योजना, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना, धान अधिप्राप्ति समेत विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.
धीमे राशन वितरण पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान जून माह में खाद्यान्न वितरण की धीमी प्रगति पर डीडीसी ने नाराजगी जताई. उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (MO) को खाद्यान्न के उठाव और वितरण की प्रतिदिन निगरानी करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को हर माह प्रखंड स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने को कहा.
ई-केवाईसी और आधार सीडिंग जल्द पूरा करने का निर्देश
डीडीसी ने ई-केवाईसी और आधार सीडिंग के लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए गांव स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों का सत्यापन समय पर पूरा होना जरूरी है.
अपात्र राशन कार्डधारियों की होगी पहचान
बैठक में निर्देश दिया गया कि भूमि स्वामित्व, आयकर, जीएसटी, चारपहिया वाहन स्वामित्व समेत अन्य मानकों के आधार पर अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान कर उनके नाम राशन कार्ड से हटाए जाएं. इसके अलावा लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले लाभुकों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
PDS दुकानों का होगा औचक निरीक्षण
डीडीसी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को नियमित रूप से पीडीएस दुकानों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित जन वितरण प्रणाली (PDS) डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
डोर-स्टेप डिलीवरी और गोदामों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बैठक में नमक समेत सभी आवश्यक खाद्य सामग्री की शत-प्रतिशत डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित करने, सरकारी गोदामों में मानक के अनुरूप भंडारण व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्माणाधीन गोदाम और बरामदों का कार्य तेजी से पूरा कराने के भी निर्देश दिए गए. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (MO), प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (BCO), गोदाम प्रबंधक और राइस मिलर उपस्थित रहे.