Jamshedpur News: जमशेदपुर बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार हत्याकांड में करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को न्यूज 26 से बातचीत में हिमांशु के पिता अरविंद सिंह ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने एसएसपी के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं और जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अपने बेटे का शव नहीं उठाएंगे.
अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या केवल अपराधियों ने नहीं, बल्कि "प्रशासन और अपराधियों की मिलीभगत" से हुई है. उनका कहना था कि पुलिस की मौजूदगी में पूरी घटना हुई, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.
उन्होंने बताया कि एसएसपी से स्पष्ट रूप से तीन मांगें रखी गईं. पहली मांग यह थी कि घटना के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए. दूसरी मांग में उन्होंने अपने बेटे की हत्या के आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की. तीसरी मांग के तहत उन्होंने कहा कि उनके बेटे की पत्नी, जिसे उन्होंने अब अपनी बेटी माना है, उसे सरकार की ओर से नौकरी दी जाए.
बातचीत के दौरान अरविंद सिंह ने कहा, "हमने साफ कह दिया है कि अगर आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक हम अपने बेटे का शव नहीं उठाएंगे. एनकाउंटर होने के बाद ही अंतिम संस्कार करेंगे."
उन्होंने यह भी बताया कि एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से जो संभव होगा, वह किया जाएगा. हालांकि परिजनों का कहना है कि वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहते हैं.