Ranchi News : नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर बुधवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सेवा और शिक्षा से जुड़े कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, वहीं प्रथम वर्ष एमबीबीएस छात्रों के लिए आयोजित फिजियोलॉजी क्विज-2026 का ग्रैंड फिनाले भी होगा।
रिम्स ब्लड सेंटर और न्यू ट्रॉमा सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में न्यू ट्रॉमा सेंटर की चौथी मंजिल पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। रिम्स प्रशासन ने डॉक्टरों, कर्मचारियों और सुरक्षा बल के जवानों से स्वैच्छिक रक्तदान कर इस अभियान में भाग लेने की अपील की है।
ब्लड सेंटर की प्रभारी डॉ. सुषमा कुमारी ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में भाग लेकर इस सामाजिक पहल को सफल बनाने का आग्रह किया।
एमबीबीएस छात्रों की प्रतिभा का होगा प्रदर्शन, विजेताओं को मिलेगा सम्मान
डॉक्टर्स डे के अवसर पर फिजियोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित फिजियोलॉजी क्विज-2026 का ग्रैंड फिनाले भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रथम वर्ष एमबीबीएस के चयनित छात्र अपनी विषयगत जानकारी, वैज्ञानिक सोच और शैक्षणिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। रिम्स प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजन चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धी और शोधपरक सोच को भी प्रोत्साहित करते हैं।