Girls Hostel Security In Ranchi: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए रांची पुलिस ने नई पहल शुरू की है. इसके तहत क्षेत्र में संचालित सभी गर्ल्स हॉस्टल और लॉज की मैपिंग कराई जाएगी. साथ ही पूरी व्यवस्था की निगरानी और समन्वय के लिए थाना स्तर पर एक नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति भी की जाएगी.
पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य लालपुर क्षेत्र में संचालित सभी गर्ल्स हॉस्टलों और लॉज का अद्यतन डाटा तैयार करना तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था का नियमित मूल्यांकन करना है. नोडल पदाधिकारी की निगरानी में प्रत्येक हॉस्टल का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता, एंट्री-एग्जिट रजिस्टर का रखरखाव, बाउंड्री वॉल समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान यदि किसी हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाई जाती है तो संबंधित संचालक को उसे तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है.
शिकायतों पर होगी त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने यह भी तय किया है कि थाना स्तर पर नियुक्त नोडल पदाधिकारी का मोबाइल नंबर सभी गर्ल्स हॉस्टलों और लॉज में प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा. इससे छात्राएं छेड़खानी, उत्पीड़न या किसी अन्य सुरक्षा संबंधी समस्या की स्थिति में सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकेंगी.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, शिकायतों का त्वरित समाधान संभव होगा और क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा.