BREAKING: जमशेदपुर में DD बार हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है.
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
आदित्य साहू ने कहा कि जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में एक युवक की हत्या हो गई, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके. साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.
पीड़ित परिवार को सुरक्षा और मुआवजे की मांग
भाजपा ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने और उचित मुआवजा देने की भी मांग की है. पार्टी का कहना है कि सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए.
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और चोरी जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण में असफल साबित हो रही है और सरकार को कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए.
3 जुलाई को जमशेदपुर बंद, पूरे राज्य में आंदोलन की चेतावनी
भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की घोषणा की है. पार्टी 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान करेगी और विरोध स्वरूप मशाल जुलूस भी निकालेगी. आदित्य साहू ने कहा कि यदि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा पूरे झारखंड में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी.
नीरज सिंह पर एफआईआर को लेकर क्या बोले आदित्य साहू
भाजपा नेता नीरज सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर के सवाल पर आदित्य साहू ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है. यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा किसी भी आरोपी का बचाव नहीं करेगी.