Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-01

Ramgarh News: रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में ट्रेलर ने मचाया कोहराम, यात्री बस समेत 10 गाड़ियों को मारी टक्कर, कई गंभीर

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मशीनरी से लदा एक ट्रेलर ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे एक यात्री बस, छह कारों तथा तीन मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि तीन लोगों और ट्रेलर चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।


ब्रेक फेल होते ही मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे चुटूपालू घाटी से गुजर रहे ट्रेलर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर ने एक के बाद एक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


कार पहियों के बीच फंसी, चार लोगों की बाल-बाल बची जान

हादसे में बाइक और कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार ट्रेलर के अगले दोनों पहियों के बीच फंस गई, लेकिन उसमें सवार चारों लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। रांची से गिरिडीह जा रही जय बालाजी यात्री बस के यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं।


दो घंटे तक जाम, पुलिस और एनएचएआई ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के कारण रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय, उपनिरीक्षक जोनी कुमार और सुरेश उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एनएचएआई की रेस्क्यू टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया।


हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रेलर का ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से घाटी क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !