Dhanbad News : धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग और स्पोर्ट्स-बिडिंग से जुड़े एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर पुलिस ने नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 12 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड, दो चेकबुक, एक पासबुक और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सीसीआर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार, ओडिशा और झारखंड के रहने वाले हैं। ये लोग ऑनलाइन गेमिंग और स्पोर्ट्स-बिडिंग से जुड़े साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेन-देन में मदद करते थे।
फर्जी बैंक खातों के जरिए छिपाया जाता था ठगी का पैसा
पुलिस के अनुसार गिरोह विभिन्न लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल मनी म्यूल के रूप में करता था। साइबर ठगी से प्राप्त रकम पहले इन खातों में जमा की जाती थी, फिर उसे छोटे-छोटे हिस्सों में अलग-अलग खातों में भेजकर ट्रैकिंग से बचने की कोशिश की जाती थी। बरामद एटीएम कार्ड और क्यूआर कोड इसी नेटवर्क का हिस्सा हैं।
फोरेंसिक जांच शुरू, मुख्य सरगना तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्डों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। ऑनलाइन लेन-देन, चैट रिकॉर्ड और बैंक खातों की जानकारी खंगाली जा रही है। डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने बताया कि गिरोह के मुख्य सरगना और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।
पुलिस का मानना है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है। बरामद बैंक खातों और कार्डों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच संबंधित बैंकों के सहयोग से की जा रही है। मामले में साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
धनबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन निवेश या गेमिंग के नाम पर आने वाले प्रस्तावों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत बैंक और पुलिस को दें।