Adityapur Crime Control Plan: सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना पहुंचकर पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक की. पदभार संभालने के बाद पहली बार आदित्यपुर पहुंचे एसपी ने साफ कहा कि जिले में अपराध, नशे के कारोबार और गैंगवार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में किसी भी तरह की दुखद आपराधिक घटना की पुनरावृत्ति नहीं चाहती. इसके लिए हर स्तर पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी. पूर्व एसपी के कार्यकाल में शुरू किए गए सकारात्मक कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा.
ड्रग्स कारोबारियों और गैंगवार में शामिल अपराधियों पर कार्रवाई
पत्रकारों से बातचीत में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स का कारोबार एक बड़ी चुनौती है. इसे रोकने के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को रियायत नहीं दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि गैंगवार, संगठित अपराध, दुष्कर्म के आरोपियों और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. जेल से बाहर आए पुराने अपराधियों का भी सत्यापन कराया जाएगा. सत्यापन के दौरान यदि कोई व्यक्ति फिर से अपराध में सक्रिय पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दिन में दो बार चलेगा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान
एसपी ने कहा कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सामने आ रही चापड़बाजी की घटनाओं को रोकने के लिए अब सख्त रणनीति अपनाई जाएगी. इसके तहत दिन में दो बार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सामान्य ट्रैफिक चेकिंग नहीं होगी. अभियान का उद्देश्य हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है. पुलिस आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने देगी, लेकिन रिवॉल्वर, चाकू, चापड़ या अन्य घातक हथियार के साथ पकड़े जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
नए एसपी ने भरोसा दिलाया कि सरायकेला-खरसावां जिले में कानून का राज स्थापित करने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम करेगी.