Jharkhand Voter List Revision: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया. इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से तय समय सीमा के भीतर फॉर्म भरने और मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण का सत्यापन कराने की अपील की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि सही, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव की मजबूत नींव होती है. लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हर पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है.
बीएलओ ने पूरी कराई फॉर्म भरने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने एसआईआर एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई. इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एसआईआर फॉर्म भरकर जमा किया.
हेमंत सोरेन ने लोगों से कहा कि वे केवल अपना फॉर्म भरने तक सीमित न रहें, बल्कि परिवार, पड़ोस और अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें.
घर-घर पहुंच रहे हैं बीएलओ
राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं. बीएलओ मतदाताओं के नाम, पते और अन्य विवरण का सत्यापन भी कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके.
इस अवसर पर रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ सह एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.