Dumka Court Bomb Threat: दुमका न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम स्पीड पोस्ट से भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी में दुमका कोर्ट पर हमले की बात कही गई है. पत्र में गोड्डा न्यायालय का भी उल्लेख किया गया है.
बंगला भाषा में लिखी गई इस चिट्ठी के साथ दो लोगों के नाम और एक आधार कार्ड की प्रति भी संलग्न थी. पत्र मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी.
डॉग स्क्वॉड के साथ कोर्ट परिसर की तलाशी
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे दुमका न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया. डॉग स्क्वॉड की मदद से परिसर के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया. जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई.
एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. न्यायालय आने वाले लोगों और वाहनों की जांच भी बढ़ा दी गई है.
आधार कार्ड का दुरुपयोग कर चिट्ठी भेजने की आशंका
दुमका के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, चिट्ठी के साथ भेजे गए आधार कार्ड का सत्यापन कराया गया. जांच में पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम और पहचान का इस्तेमाल किया गया है, उसका धमकी भरे पत्र से कोई संबंध नहीं है.
संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर यह चिट्ठी भेजी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने आधार कार्ड की प्रति कहां से प्राप्त की और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया.
पूर्वी बर्दवान से भेजी गई थी स्पीड पोस्ट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरी चिट्ठी पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र से स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी गई थी. पुलिस पोस्ट ऑफिस से जुड़े रिकॉर्ड, प्रेषक की जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है.
दुमका और गोड्डा दोनों न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि पत्र भेजने वाले की पहचान, उसके मकसद और किसी संभावित साजिश की जांच हर स्तर पर की जा रही है.