Bihar By Election 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। आयोग ने बताया कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।
6 जुलाई से नामांकन, 16 जुलाई तक वापसी का मौका
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 13 जुलाई नामांकन की अंतिम तिथि, 14 जुलाई को जांच और 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
तीनों सीटें अलग-अलग वजहों से हुईं खाली
बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता दो वर्ष से अधिक की सजा मिलने के कारण समाप्त होने से खाली हुई, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है।
दतिया पर सबसे ज्यादा नजर, नरोत्तम मिश्रा की वापसी की चर्चा
तीनों सीटों में सबसे अधिक राजनीतिक दिलचस्पी मध्य प्रदेश की दतिया सीट को लेकर है। माना जा रहा है कि भाजपा यहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार बना सकती है। पिछले विधानसभा चुनाव में इसी सीट पर कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने उन्हें हराया था, जिससे यह उपचुनाव बेहद अहम माना जा रहा है।
रणनीति तेज, जल्द उम्मीदवारों का ऐलान
उपचुनाव की घोषणा के साथ ही तीनों राज्यों में राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा, चुनाव प्रचार और जनसभाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। निर्वाचन आयोग ने भरोसा दिलाया है कि मतदान और मतगणना पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराई जाएगी।