Tatanagar Railway News: टाटानगर रेलवे स्टेशन और कोल्हान के रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर नई दिल्ली में अहम पहल हुई है. सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की कई लंबित रेल परियोजनाओं और नई सुविधाओं को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया. प्रस्तावों में टाटानगर स्टेशन का विस्तार, बेंगलुरु के लिए नई ट्रेन, वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो और चौथी रेललाइन जैसी योजनाएं शामिल हैं.
टाटानगर स्टेशन के विस्तार पर दिया गया जोर
रेल मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों के दबाव का हवाला देते हुए स्टेशन री-डेवलपमेंट योजना के तहत चार नए प्लेटफॉर्म बनाने का प्रस्ताव रखा गया. इसके अलावा टाटानगर के पास प्रस्तावित सैटेलाइट स्टेशन के निर्माण कार्य में तेजी लाने की भी मांग की गई. सांसद का कहना है कि इन परियोजनाओं से ट्रेनों के संचालन में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
बेंगलुरु के लिए नई ट्रेन समेत कई रेल परियोजनाओं का प्रस्ताव
मांग पत्र में टाटानगर से खड़गपुर, भुवनेश्वर, विजयनगरम और कटपाड़ी होते हुए बेंगलुरु तक नई ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया. सांसद ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग बेंगलुरु की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी रेल सेवा नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
इसके साथ ही गम्हरिया-आदित्यपुर के बीच चौथी रेललाइन को जल्द मंजूरी देने, टाटानगर में वंदे भारत एक्सप्रेस के मेंटेनेंस डिपो की स्थापना, चांडिल-नीमडीह-बोड़ाम-पटमदा-कटिन रेललाइन परियोजना को आगे बढ़ाने, चांडिल-झाड़ग्राम बाईपास रेललाइन बनाने और टाटा-बड़ामपहाड़ रेलखंड के मकदमपुर में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी गई.
रेल मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सांसद विद्युत वरण महतो के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया है. उन्होंने संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया. फिलहाल इन मांगों पर रेलवे की औपचारिक मंजूरी और आगामी निर्णय का इंतजार किया जा रहा है.