Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित वायरलेस मैदान पार्क की खराब स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों ने रेलवे विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है. बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उप मुखिया और झामुमो बागबेड़ा अध्यक्ष अजीत सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे के सहायक अभियंता से मुलाकात कर पार्क की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया और मांग पत्र सौंपा.
सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वायरलेस मैदान पार्क बागबेड़ा के हजारों लोगों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, लेकिन लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार बिगड़ रही है. पार्क में गंदगी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की कमी, पेयजल सुविधा का अभाव और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मांग पत्र में नियमित सफाई, हाई मास्ट लाइट, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और पार्क के बेहतर रखरखाव की मांग की गई. साथ ही पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने का आग्रह भी किया गया.
पार्क के विकास के लिए लगातार उठाई जाएगी आवाज
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि वायरलेस मैदान पार्क बागबेड़ा की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है, इसलिए इसके संरक्षण और विकास के लिए लगातार आवाज उठाई जाएगी. प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे विभाग से मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की.