Chakradharpur News: चक्रधरपुर शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामले में पुरानीबस्ती स्थित एक किराये के मकान से अज्ञात चोर करीब 5.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए. घटना के 84 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है. इससे स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गए हैं.
देर रात घर में घुसे चोर, अलमारी का ताला तोड़कर लाखों के गहने ले उड़े
जानकारी के मुताबिक सोनुवा प्रखंड के राखासाई गांव बारीटोला निवासी वासुदेव प्रधान अपनी पत्नी जयश्री प्रधान के साथ पुरानीबस्ती में रंजीत पानी के मकान में किराये पर रहते हैं. जयश्री प्रधान शौंडिक धर्मशाला विद्यालय में सहायक शिक्षिका हैं. 29 जून की देर रात चोर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने की एक चेन, दो चूड़ियां और दो अंगूठियां चोरी कर ले गए. चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है. घटना के बाद वासुदेव प्रधान ने चक्रधरपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस जांच जारी, पीड़ित परिवार ने एसपी से मिलने की दी चेतावनी
शिकायत दर्ज होने के बावजूद चार दिन बाद भी न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही चोरी गए गहनों का कोई सुराग मिला है. पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्याय की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेंगे. वहीं चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है. लोगों ने शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है.