Jamshedpur News : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में आपसी विवाद के दौरान एक परिवार पर कथित रूप से घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित बाढ़ो साव की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
7 नामजद और 5-6 अज्ञात पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, बाढ़ो साव, निवासी निर्मल नगर, साकची, के आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1), 191(2), 115(2), 118(1), 333 और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में श्री भगवान साव, मनोज साव, गोपाल साव, नन्दलाल साव, बजरंगी साव, राहुल साव और गोलू साव को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 5-6 अन्य अज्ञात लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने बाढ़ो साव के घर में घुसकर उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जानलेवा हमला किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एएसआई हरिनन्दन करमाली को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।